
धार। पुरातन भोजशाला परिसर के पास मुस्लिम समाज द्वारा शुक्रवार को नमाज अदा किए जाने के विरोध में मंगलवार को धार में मुकम्मल बंद रहा। हिंदू पक्ष की ओर से इसे लेकर एक ज्ञापन भी कलेक्टर को सौंपा गया। हिंदू पक्ष ने आरोप लगाया कि मुस्लिम समुदाय द्वारा पुरातन भोजशाला परिसर, जो कि माता वांग्देवी का मंदिर है, के पास शुक्रवार को नमाज अदा किया जाना सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की अनदेखी है।
धार जिले की ऐतिहासिक भोजशाला के पास मुस्लिमों द्वारा हर शुक्रवार को नमाज अदा किए जाने का लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी के चलते विरोध में हिंदू पक्ष द्वारा मंगलवार को धार बंद का आह्वान किया गया। संपूर्ण धार जिला मुख्यालय में कोई भी दुकान खुली नहीं दिखाई दी। सड़कों पर पुलिस और प्रशासन की चहल कदमी देखी गई। हिंदू संगठनों द्वारा भोजशाला के पास मुस्लिम पक्ष द्वारा नमाज अदा किए जाने के विरोध में कलेक्टर राजीव रंजन मीना को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें यह मांग की गई है कि हिंदू पक्ष की भावनाओं के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के भी पालन में सर्वे नंबर 596 पर शुक्रवार को मुसलमानों द्वारा नमाज अदा करवाई जाए। गौरतलब है कि मुस्लिम पक्ष द्वारा भोजशाला परिसर के पास स्थित खसरा नंबर 612 पर नमाज अदा की जा रही है, जबकि प्रशासन द्वारा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए सर्वे नंबर 596 पर नमाज करने के निर्देश दिए हैं। मामले में धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना का कहना है कि ज्ञापन में जिस मामले का उल्लेख किया गया है वह न्यायालयीन प्रक्रिया है। सभी तथ्यों पर विचार कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
