इंदौर: शहर में लगातार मिल रही बम धमकी भरे ईमेल से सुरक्षा एजेसिंयां सतर्क हो गई हैं. रविवार को बॉम्बे हॉस्पिटल को अज्ञात ईमेल आईडी से बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. यह मेल अस्पताल की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर सुबह देखा गया. जिसमें अस्पताल परिसर को उड़ाने की बात कही गई है.
बॉम्बे अस्पताल के डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन राहुल पाराशर ने लसूडिया पुलिस को शिकायत दी, जिस पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है, वहीं थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने भी अस्पताल परिसर की सघन तलाशी ली, हालांकि कुछ संदिग्ध नहीं मिला. गौरतलब है कि दो दिन पहले होलकर स्टेडियम को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, लेकिन जांच में वह फर्जी निकली. लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है.
