यूक्रेन की रक्षा के लिए ईयू ने 6.1 अरब यूरो की दी मंजूरी

ब्रसेल्स, 24 अगस्त (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन की रक्षा जरूरतों के लिए 6.1 अरब यूरो की अगली वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। यह राशि ईयू के 90 अरब यूरो के ऋण कार्यक्रम का हिस्सा है और इसका इस्तेमाल रक्षा उपकरणों की खरीद के लिए किया जाएगा। यूरोपीय आयोग की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार, इस सहायता से यूक्रेन के लिए वायु एवं मिसाइल रक्षा प्रणालियां, मिसाइलें, गोला-बारूद और रडार खरीदे जाएंगे। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि रूस के हमले तेज होने के बीच ईयू यूक्रेन को अपने लोगों और हवाई क्षेत्र की रक्षा करने में मदद देने के लिए प्रयास बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, ” यूरोप यूक्रेन के साथ खड़ा है और जरूरत के समय उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा। “

यूरोपीय रक्षा आयुक्त एंड्रियस कुबिलियस ने कहा कि रूस की लगातार बनी हुई धमकियों के बीच ईयू यूक्रेन की मदद के लिए ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सहायता से यूक्रेन को अपने लोगों की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए जरूरी मिसाइलों तथा वायु रक्षा प्रणालियों की खरीद में मदद मिलेगी। आयोग के अनुसार, अधिकांश रक्षा उपकरण यूरोपीय रक्षा कंपनियों से खरीदे जाएंगे। इसमें रूस की ओर से बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल का मुकाबला करने के लिए मारक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब यूक्रेन पर रूसी हमले जारी हैं। आयोग के मुताबिक, अकेले जून में यूक्रेन को 376 मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा। चौबीस अगस्त को यूक्रेन अपना स्वतंत्रता दिवस भी मना रहा है।

यूक्रेन के प्रधानमंत्री सेरही कोरेत्स्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर ईयू की घोषणा का स्वागत किया। इस बीच यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा सहित यूक्रेन के सहयोगी देशों के नेता सोमवार को राजधानी कीव में ‘कोएलिशन ऑफ द विलिंग’ की बैठक के लिए जुट रहे हैं। बैठक का उद्देश्य यूक्रेन के लिए अतिरिक्त वायु रक्षा सहायता और ऊर्जा आपूर्ति जुटाना है, क्योंकि देश सर्दियों की ओर बढ़ रहा है। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री ल्यूक फ्रीडेन सहित कई नेता बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम भी इस ढांचे के तहत अपनी पहली बैठक के लिए यूक्रेन पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि वह यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलों के घरेलू उत्पादन में मदद के लिए उनके निर्माण संबंधी डिजाइन भी सौंप सकते हैं।

.....

Next Post

इंडिगो बिहार से थाईलैंड के लिए शुरू करेगी नॉन-स्टॉप उड़ान

Mon Aug 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो बिहार के गया से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए नॉन स्टॉप उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि इस सेवा की शुरुआत आगामी 26 अक्टूबर से होगी। यह सप्ताह में दो बार सोमवार और गुरुवार को उपलब्ध […]

You May Like