इंदौर:तेजाजी नगर क्षेत्र में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की आत्महत्या से परिवार में मातम छा गया. रविवार को मां और बड़ी बहन घर लौटीं तो अंदर से दरवाजा बंद था. आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद छात्रा फंदे पर मिली.मृतका निकिता मालवीय मोरोद गांव में परिवार के साथ रहती थी. वह आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी और साथ में कंप्यूटर की कक्षा भी जाती थी. उसके पिता हम्माली करते हैं, जबकि मां एक हॉस्टल में काम करती हैं. रविवार को निकिता की बड़ी बहन मुस्कान किसी काम से बाजार गई थी, इस दौरान निकिता घर पर अकेली थी.
कुछ समय बाद मां और बहन वापस पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया तो निकिता फंदे पर लटकी मिली. परिजनों ने पुलिस को बताया कि निकिता पढ़ाई में अच्छी थी और हाल के दिनों में उसके किसी परेशानी में होने की जानकारी उन्हें नहीं थी. परिवार ने किसी प्रेम संबंध की बात से भी इनकार किया है. पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है. छात्रा के मोबाइल की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिल सके
