अजंदा में जनसंवाद : ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

आलीराजपुर,  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत अजंदा में जनसंवाद एवं शिविर आयोजित किया गया। इसमें सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान और कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

महिला सशक्तिकरण और शिक्षा पर जोर

सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। साथ ही किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की अपील की।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे शासन

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और उसकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों से 400 से अधिक आवेदन प्राप्त कर निराकरण की कार्रवाई की गई। इनमें सामाजिक न्याय के 110, संबल के 65, पीएचई के 25, महिला एवं बाल विकास के 65, आरईएस के 4, पंचायत के 25, शिक्षा के 5 तथा एमपीईबी के 7 आवेदन शामिल रहे।

स्व-सहायता समूह नानपुर की गनबाई मौर्य एवं खरपाई की ममता चौहान ने समूह की गतिविधियों और अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनास, सरपंच श्रीमती रंगली बाई सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Next Post

सड़क दुर्घटना में पलारी तिगड्ढा के 6 वर्षीय मासूम की मौत

Sat Sep 19 , 2026
सिवनी। शनिवार को सुबह लगभग 10 बजे स्कूल जाने के लिए निकला 6 वर्ष का मासूम बालक वहां से गुजर रहे एक बड़े वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से पलारी तिगड्ढा निवासियों में आक्रोश बढ़ गया। वहीं सूचना मिलते […]

You May Like