
बीना। शहर के शिवाजी वार्ड में शनिवार को पुलिस ने एक नगरपालिका कर्मचारी के घर पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस ने घर से एसी, डबल बेड, एलईडी टीवी, कूलर, साउंड सिस्टम, लग्जरी कार, बुलेट समेत करीब 10 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घर का मुख्य गेट तक जब्त कर लिया।यह कार्रवाई थाना प्रभारी अनूप यादव के नेतृत्व में की गई।चोरी की शिकायत से खुली ब्लैकमेलिंग की परत मामला जून 2026 का है, जब एक व्यापारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से 40 तौला सोना और 10 लाख से अधिक नकदी चोरी हो गई है। पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बना हुआ था,क्योंकि व्यापारी के घर में बाहरी लोगों का आना-जाना नहीं था और अलमारियों के ताले भी नहीं टूटे थे।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह मामला चोरी का नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है।क्या है पूरा मामला?पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आयुष मैना एक नाबालिग को डरा-धमकाकर ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ब्लैकमेल कर उससे नकदी और सोना मंगवाता था। इसी रकम से वह महंगी कार, बुलेट में घूमता था और घर के लिए एसी, महंगा फर्नीचर व अन्य लग्जरी सामान खरीदता था।पुलिस ने इस मामले में आयुष मैना और उसके साथी कार चालक मुन्ना के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।पुलिस ने एक आरोपी मुन्ना को जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी आयुष मैना को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और माल बरामदगी की जा रही है। “चोरी के मामले की जांच में ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक को जेल भेज दिया है, दूसरे को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।” अनूप यादव, टी.आई.।
