त्योहार पर छावनी परिषद का डंडा, व्यापारियों में खौफ

महू: रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर महू के मुख्य बाजारों में रौनक तो लौट आई है, लेकिन छावनी परिषद की एकतरफा सख्ती ने राखी व्यापारियों के त्योहार का रंग फीका कर दिया है. बाजार में इस समय डर का ऐसा माहौल है कि कई व्यापारी दुकानों का आधा शटर खोलकर व्यापार करने को मजबूर हैं. व्यापारियों का दर्द है कि भारी-भरकम पूंजी फंसाकर सीजनल व्यापार करने को क्या कोई अपराध माना जा रहा है?
बाजार के जागरूक नागरिकों और व्यापारी संगठनों का कहना है कि यदि कोई दुकान यातायात को सीधे तौर पर प्रभावित करती है, तो उसे हटाना पूरी तरह उचित है. लेकिन सवाल यह है कि प्रशासन की कार्रवाई केवल रक्षाबंधन के अस्थाई दुकानदारों तक ही क्यों सीमित है? महू के मुख्य बाजारों में हर तरफ बेतरतीब खड़े ठेले, भारी लोडिंग वाहन, चार पहिया वाहनों की अवैध पार्किंग और सड़कों पर घूमते आवारा पशु जाम के असली कारण हैं. इन मुख्य समस्याओं पर छावनी परिषद का अमला पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
विरोध के बाद बैरंग लौटा दस्ता
हाल ही में बाजार का एक वाकया छावनी परिषद की कार्यशैली को उजागर करता है. यहां एक राखी की दुकान को हटाने पहुंचे परिषद के कर्मचारियों को स्थानीय दुकानदारों और जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दस्ते को बैरंग लौटना पड़ा. हैरानी की बात यह रही कि इस हंगामे के दौरान टीम का ध्यान पास ही खड़े उन ठेलों की तरफ बिल्कुल नहीं गया, जो वास्तव में सड़क को घेरे हुए थे.
फूड कोर्ट मेले में सन्नाटा, अब आखिरी दिनों से उम्मीद
इधर, प्रशासन द्वारा फूड कोर्ट में शुरू किए गए पांच दिवसीय राखी मेले की स्थिति भी निराशाजनक है. परिषद द्वारा तैयार की गई सभी 96 अस्थायी दुकानें आवंटित तो हो चुकी हैं, लेकिन शुरुआती दिनों में ग्राहकी न के बराबर रही. अब व्यापारियों को उम्मीद है कि त्योहार के ठीक पहले यानी 25, 26 और 27 तारीख को बाजार में तेजी आएगी और उनका माल बिक सकेगा. स्थानीय नागरिकों और व्यापारी संघ ने छावनी परिषद प्रशासन से मांग की है कि त्योहार के समय केवल राखी दुकानदारों को निशाना न बनाया जाए. प्रशासन को पूरे महू शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए समान रूप से व्यापक और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि त्योहार के इस सीजन में व्यापार भी प्रभावित न हो और आम जनता को जाम से भी मुक्ति मिल सके

Next Post

गर्दन में तकलीफ के बावजूद शेारिफुल इस्लाम ने गेंदबाजी की

Sun Aug 23 , 2026
मैके, (ऑस्ट्रेलिया) 23 अगस्त (वार्ता) बंगलादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को गर्दन में तकलीफ के बावजूद गेंदबाजी करनी पड़ी और इस दौरान उन्होंने देकर ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट झटके थे। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन 35 रन देकर 6 विकेट लिए, जबकि […]

You May Like