राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से परे: इंडिगो की फ्लाइट में आत्मीय अंदाज में मिले पूर्व सीएम शिवराज और दिग्विजय

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति के दो प्रमुख चेहरे और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा दिग्विजय सिंह गुरुवार शाम दिल्ली से भोपाल आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में आगे पीछे बैठकर आए। विमान के भीतर दोनों नेताओं के बीच सहज और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई। इस दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी हुई है।

शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह भले ही अलग-अलग राजनीतिक दलों से आते हों और कई मुद्दों पर एक-दूसरे के मुखर विरोधी रहे हों, लेकिन विमान में उनकी मुलाकात का अंदाज सामान्य और आत्मीय नजर आया। दोनों के बीच बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस मुलाकात के राजनीतिक मायने भी तलाशने लगे।

दोनों नेताओं का मध्यप्रदेश की राजनीति में लंबा प्रभाव रहा है। दिग्विजय सिंह 1993 से 2003 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, जबकि शिवराज सिंह चौहान ने 2005 से 2018 तक लगातार तीन कार्यकाल मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की कमान संभाली। इसके बाद 2020 में भी वे मुख्यमंत्री बने। इस लिहाज से दोनों नेताओं का मुख्यमंत्री के तौर पर लंबा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव रहा है।

फ्लाइट में हुई यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि दोनों नेता लंबे समय तक मध्य प्रदेश की राजनीति में एक-दूसरे के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी रहे हैं। हालांकि, सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत स्तर पर सौहार्दपूर्ण व्यवहार की तस्वीर अक्सर अलग संदेश देती है। यही वजह है कि विमान के भीतर हुई इस संक्षिप्त मुलाकात ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।

Next Post

दूसरे डोपिंग अपराध के लिए शिवपाल सिंह पर 10 साल का प्रतिबंध

Fri Aug 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) ओलंपियन शिवपाल सिंह को दूसरे डोपिंग अपराध के लिए गुरुवार को 10 साल का निलंबन सौंपा गया। 31 वर्षीय भाला फेंकने वाले, जिन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, को प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड मेथेनडिएनोन के लिए सकारात्मक परीक्षण के बाद राष्ट्रीय डोपिंग […]

You May Like