
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है । गर्मी ने दस्तक दे दी है दिन के साथ रातें भी गरम हो गई है। होली के बाद अब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी। मंगलवार को सुबह से सूर्यदेव तमतमाये रहे।जिससे गर्मी का असर बढ़ गया। रात में हालांकि गुलाबी ठंड बरकरार है लेकिन आने वाले दिनों में भीषण गर्मी लोगों को झुलसाने वाली होगी।
मौसम विभाग की माने तो नया पश्चिमी विक्षोभ, मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में एक टू्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊँचाई पर उत्तर में अवस्थित है। एक ऊपरी चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर गुजरात क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम भारत, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊँचाई पर लगभग 185 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। एक अन्य नया पश्चिमी विक्षोभ 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान-
मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा । न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा । सुबह के वक्त आद्रता 54 और शाम को 33 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
