इंदौर: शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को मुराई मोहल्ला स्थित चाणक्य बॉयज हॉस्टल का निरीक्षण किया. मौके पर हॉस्टल के प्रभारी अर्पित गुप्ता उपस्थित मिले. निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा खाद्य पंजीयन प्रस्तुत किया गया.टीम ने हॉस्टल के किचन एवं मेस परिसर का निरीक्षण किया, जहां गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। किचन में सड़े हुए आलू संग्रहित मिले. परिसर में साफ-सफाई का अभाव था तथा दीवारों पर जाले लगे हुए थे. वॉश बेसिन में काई जमा मिली, जबकि वॉशिंग एरिया में कचरे का ढेर लगा हुआ था. मेस में रखी बैठने की कुर्सियों पर भी फंगस लगी पाई गई. खाद्य पदार्थों की तैयारी एवं मेस संचालन के लिए परिस्थितियां अस्वच्छ पाए जाने पर अधिकारियों ने मेस का संचालन तत्काल बंद करा दिया.
पूजन सामग्री विक्रेता से घी का नमूना लिया, 15 किलो घी जब्त
इसी कार्रवाई के दौरान 20 अगस्त 2026 को चांदमल लेखराम पोरवाल के प्रतिष्ठान पर भी निरीक्षण किया गया. रानीपुर चौराहा, इंदौर निवासी प्रभारी विक्रेता रोहित पोरवाल की पूजन सामग्री की दुकान से ‘रत्नागिरी गाय का घी’ का खाद्य नमूना जांच के लिए लिया गया. कार्रवाई के दौरान शेष उपलब्ध लगभग 15 किलो घी जब्त किया गया. नमूने को नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा तथा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की स्वच्छता एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी
