अपना आर्थिक संकट छिपाने के लिए ईरान के खिलाफ ‘आर्थिक डी-डे’ लाया अमेरिका : अराघची

तेहरान, 20 अगस्त (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेहरान के खिलाफ घोषित नये ‘इकोनॉमिक डी-डे’ अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि इससे अमेरिका को ‘और बड़ी हार’ का सामना करना पड़ेगा तथा ईरानियों में अमेरिका के प्रति विरोध और बढ़ेगा। श्री अराघची ने अमेरिकी सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ” तथाकथित ‘इकोनॉमिक डी-डे’ अमेरिका के अपने संकट से ध्यान भटकाने का प्रयास है। अमेरिका अभूतपूर्व कर्ज और बढ़ती ब्याज लागत का सामना कर रहा है। विफल नीतियों को और आगे बढ़ाने से केवल अमेरिका को और बड़ी हार तथा ईरानियों की शत्रुता हासिल होगी। “

उन्होंने अमेरिकी ‘आर्थिक आतंकवाद’ करार दी जाने वाली नीतियों को वैश्विक अर्थव्यवस्था और दुनियाभर में देशों की संप्रभुता के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा, ” सैन्य युद्ध अपने उद्देश्यों को हासिल करने में विफल रहा और अब उन्होंने अपनी अगली विफलता को ‘आर्थिक युद्ध’ का नाम दे दिया है। ” ईरानी नेताओं की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा बुधवार को ईरान के खिलाफ नये आर्थिक अभियान की घोषणा के बाद आयी है।

श्री ट्रंप ने इसे ‘किसी भी देश के खिलाफ अब तक चलाया गया सबसे कठोर आर्थिक अभियान’ बताया और कहा कि इसका उद्देश्य अभूतपूर्व स्तर पर आर्थिक युद्ध और अलगाव लागू करना है। श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाले वित्तीय और वाणिज्यिक माध्यमों को बंद करने का प्रयास करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन देशों के वित्तीय संस्थान, कंपनियां, हवाई अड्डे या सरकारी संस्थाएं ईरान को आर्थिक ‘जीवनरेखा’ उपलब्ध कराएंगी, उन्हें गंभीर आर्थिक परिणाम भुगतने होंगे। श्री ट्रंप ने इस अभियान को इकोनॉमिक डी-डे बताते हुए अमेरिकी सहयोगी देशों से भी ईरान को अलग-थलग करने के प्रयास में शामिल होने का आह्वान किया है।

.....

Next Post

शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र लाए सरकार, सुधार के लिए कांग्रेस देगी सहयोग: जीतू पटवारी

Thu Aug 20 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल कोर्सेज की स्थिति को लेकर सरकार से गंभीरता से पुनर्समीक्षा करने और श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। पटवारी ने कहा कि शिक्षा का मुद्दा राजनीति से ऊपर है और प्रदेश के बच्चों […]

You May Like