चुनौतियों का डटकर मुकाबला करें छात्र : सूद

नयी दिल्ली,12 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने छात्रों को चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने की सलाह देते हुए शनिवार को कहा कि सशक्त शरीर और दृढ़ मन ही सच्चे राष्ट्र निर्माता बना सकते हैं।

श्री सूद ने यहां आज विवेकानंद स्कूल में आयोजित एक समारोह में बोर्ड परीक्षाओं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और स्कूल की नवीनतम तकनीकी पहल ‘फ्यूचर लैब’ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा की यह सिर्फ एक शैक्षिक आयोजन नहीं, बल्कि एक जीवंत संदेश है। जहां आस्था, प्रतिभा और प्रगति एक ही मंच पर एकत्र हों, वहाँ एक नए भारत की नींव रखी जा रही होती है।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को केंद्र में रखते हुए युवाओं को तीन अनमोल संदेश दिए जैसे-अपने भीतर उठने वाले सवालों को कभी दबने न दो । चुनौतियों से भागो मत, उनका डटकर सामना करो। शारीरिक और मानसिक बल सशक्त शरीर और दृढ़ मन ही सच्चे राष्ट्र निर्माता बना सकते हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जैसे स्वामी विवेकानंद ने वर्ष 1893 में शिकागो में भारत की आत्मा को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया था, उसी भावना को आज के विद्यार्थी फिर से जीवंत कर सकते हैं।अगर वे आत्मविश्वास, परिश्रम और निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य को साधें।उन्होंने कहा,“ यह प्रयोगशाला केवल तकनीक सीखने की जगह नहीं, बल्कि छात्रों की कल्पनाशीलता, नवाचार और जिज्ञासा को पंख देने का माध्यम बनेगी। हमें सिर्फ तकनीक के उपभोक्ता नहीं, तकनीक के सृजनकर्ता बनाना है।”

श्री सूद ने सम्मान प्राप्त सभी मेधावी छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार रहने के लिए संकल्पित किया। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व के अन्य विकसित देशों के समान नयी-नयी तकनीक का प्रयोग करके आगे बढ़ रहा है । उन्होंने छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के गलत प्रयोग की जगह उसको सही ढंग से अपनाकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने को भी कहा।

Next Post

मोदी से मिले माझी, ओड़िशा में विकास कार्यों के बारे में की बातचीत

Sat Jul 12 , 2025
नयी दिल्ली 12 जुलाई (वार्ता) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर राज्य में विकास परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री […]

You May Like