इंदौर:शहर में करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद सीवरेज व्यवस्था कई इलाकों में लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है. इसी तरह खजराना क्षेत्र स्थित तंजीम नगर में भी लंबे समय से ड्रेनेज और जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है. हाल ही में यहां जलभराव के बीच बच्चों से भरी एक कार के फंसने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
प्रदेश के बड़े सिवरेज प्रोजेक्ट पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद शहर के कई हिस्सों में सिवरेज व्यवस्था की बदहाली सामने आ रही है. खजराना के वार्ड क्रमांक 39 में तंजीम नगर जाने वाले मार्ग पर खुले नाले से लगातार गंदा पानी बह रहा है. स्थिति यह है कि कई बार पानी का स्तर एक फीट से अधिक हो जाता है, जिससे लोगों का पैदल निकलना तो दूर वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है.
घनी आबादी वाले तंजीम नगर सहित आसपास के रहवासी ज्यादातर इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. सड़क पर फैली गंदगी और दूषित पानी के कारण क्षेत्र में संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, वहीं मार्ग से जुड़े व्यापारियों के कारोबार पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है. समस्या के निराकरण के लिए रहवासियों द्वारा कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, ताज्जुब इस बात का है कि यह समस्या करीब 12 साल से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी निराकरण नहीं हुआ.
यह बोले रहवासी…
यूं तो यहां हमेशा सड़क पर गंदा पानी बहता रहता है, लेकिन बारिश के समय यह समस्या बहुत बढ़ जाती है. इस मुख्य सड़क पर आने के लिए महिला बच्चों को काफी घूमकर आना पड़ता है. क्षेत्र में बीमारियां भी बढ़ रही हैं.
– मजीद खान
निकासी कम होने से सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है, बहुत बदबू आती है जिसके कारण ग्राहक नहीं आते और व्यापार में बड़ी गिरावट रहती है, इसका निराकरण जल्दी होना चाहिए.
– मोहम्मद यूसुफ
कई बार आते-जाते लोग गिर चुके हैं, लोगों द्वारा सैकड़ों शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक इस समस्या से निजात नहीं मिल पाई. क्षेत्र में बड़ी लाइन डल जाए तो इस समस्या का समाधान हो जाएगा.
– मोहम्मद अफजल
