भोपाल: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘अभ्युदय 2026’ का मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और मां सरस्वती, भारत माता तथा दादा माखनलाल चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के प्रकाशनों ‘दो सदी साक्षी’, ‘मैं न्यूज़ रूम’ और भारत की टेंपल इकोनॉमी पर केंद्रित जर्नल ‘इंडियन कलाईडोस्कोप’ का विमोचन किया। उन्होंने छात्राओं परिधि पुजारी, तमन्ना लश्कर और शिविका गुप्ता को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में लगी ‘सौ साल की 100 सुर्खियां’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से कहा कि आज फेक न्यूज़ के दौर में मीडिया से जुड़े युवा ‘नेक न्यूज़’ देने वाले पत्रकार बनें। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सत्ता का विरोध करना ठीक है, लेकिन देश विरोध नहीं होना चाहिए। न्यूज़ से ऊपर नेशन और देशहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।वहीं कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी देश के बड़े संस्थानों में नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नकारात्मक विचारों को खुद पर हावी न होने देने और सकारात्मक सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने की अपील की।
