भोपाल: विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के लाड़ली बहनों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता रेड क्रॉस हॉस्पिटल चौराहे से रैली निकालते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और वहां कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि सिंघार का बयान लाड़ली बहनों का अपमान है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ऐसे बयानों पर रोक नहीं लगाती तो भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ेगा। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और उन्होंने कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया।
उनका कहना था कि मुख्यमंत्री की लाड़ली बहना योजना ने लाखों महिलाओं को सशक्त बनाया है और उस पर इस तरह की टिप्पणी करना कांग्रेस की सोच को उजागर करता है। महिला मोर्चा ने मांग की कि सिंघार को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
