दुबई, 17 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने नीदरलैंड के तेज गेंदबाज विवियन किंगमा पर आईसीसी डोपिंग रोधी संहिता के उल्लंघन के लिए तीन महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।
30 वर्षीय किंगमा का 12 मई को यूट्रेक्ट में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 एकदिवसीय मैच के बाद उनके नमूने में बेन्ज़ोइलेक्गोनिन नामक कोकीन मेटाबोलाइट पाया गया। यह पदार्थ आईसीसी डोपिंग रोधी संहिता के तहत दुरुपयोग का पदार्थ माना जाता है। किंगमा ने अपने इस अपराध को स्वीकार कर लिया है और वह यह साबित करने में भी सक्षम रहे कि उन्होंने टूर्नामेंट के बाहर इस पदार्थ का सेवन किया था। इस वजह से किंगमा को तीन महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया। यह प्रतिबंध 15 अगस्त से लागू हुआ।
आईसीसी की ओर से कहा गया है कि आईसीसी डोपिंग रोधी संहिता के अनुसार 12 मई को यूएई के खिलाफ हुए एकदिवसीय मैच और उसके बाद के मैचों में किंगमा के रिकॉर्ड को रिकॉर्डबुक से हटा दिया गया है।

