इंदौर: चाहे जनप्रतिनिधि हों या प्रशासन विकास को खूब बढ़-चढक¸र दिखाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर कुछ और ही नजर आती है. शहर में आज भी ऐसे कई क्षेत्र हैं, जहां के रहवासी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं. चुनाव के समय पार्षद प्रत्याशी विकास के बड़े-बड़े वादे कर अपने लिए वोट मांगते हैं और चुनाव जीतने के बाद भूल जाते हैं.यह स्थिति कई दशकों से बनी हुई है. जनप्रतिनिधियों के इस दोहरे चरित्र को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है.
यूं तो शहर के हवा बंगला क्षेत्र में कई वार्ड लगते हैं। लेकिन, हम आज बात कर रहे हैं इसी क्षेत्र में आने वाले वार्ड 79 की. वार्ड का अहीरखेड़ी ऐसा क्षेत्र है, जहां कच्ची बस्ती भी मौजूद है, इसमें ज्यादातर गरीब और मजदूर वर्ग के लोग निवास करते हैं. अहीरखेड़ी पहले ग्राम पंचायात में आती थी, लेकिन कुछ वर्षों से इसे नगर निगम सीमा में ले लिया गया है. सांसद, विधायक और पार्षद पद के प्रत्याशी हर चुनाव में विकास कार्यों के वादे करते हैं और जीतने के बाद भूल जाते हैं.
लगभग 30 वर्षों से अहीर खेड़ी की यह बस्ती विकास से कोसों दूर है. यूं तो यहां के निवासी कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन यहां की मुख्य समस्या जल संकट है. यहां के नागरिक बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं. जनप्रतिनिधियों के आश्वासन और वादे के बावजूद यहां बस्तीवासियों को नर्मदा के नल कनेक्शन नहीं दिए गए. परिणामस्वरूप लोगों को दूर-दराज से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है. यहां के निवासी मजदूर वर्ग के होने के कारण उनकी कहीं सुनवाई भी नहीं हो रही है.
यह बोले रहवासी
30 वर्षों से हम हवा बंगले से पानी खरीदकर लाते हैं. समस्या लेकर निगम के झोन पर जाते हैं, तो जिम्मेदार कहते हैं कि जिसे वोट दिए, उसे बोलो. हमने तो सरकार को वोट दिया है, सरकार भी हमारी सुध नहीं लेती.
– पार्वती बाई
15 वर्षों से रह रहे हैं क्षेत्र में, लेकिन कोई सुविधा नहीं है. जनप्रतिनिधि चुनाव के समय बस वोट मांगने आते हैं, बड़े-बड़े वादे करते हैं, मगर आज तक कोई वादा पूरा नहीं किया. हर दिन दो-चार ड्रम पानी के लिए भागते रहो.
– सुरेश भाट
हम पढ़े-लिखे नहीं हैं, गरीब हैं, इसलिए हर कोई भगा देता है. जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगाते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती. हम भी इंसान हैं, अपने हक के लिए कहां जाएं. जिसे भी वोट देते हैं, वही हमें भूल जाता है.
-कालू बामनियां
क्षेत्र में जल संकट है, मैं प्रयास करूंगी
वार्ड में पानी को लेकर लोगों को जो असुविधा हो रही है, उसके लिए मैं नगर निगम और विधायक स्तर पर बात रखूंगी. क्षेत्र में हर घर पानी पहुंचे, इसके लिए हर संभव प्रयास करूंगी.
– लक्ष्मी वर्मा, पार्षद
