महाराष्ट्र में भाजपा-कांग्रेस की मिलीभगत का आप का आरोप, कांग्रेस ने किया खंडन

नयी दिल्ली, 07 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाया है। आप का दावा है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को किनारे करने के लिए दोनों राष्ट्रीय दल एक साथ आ रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

आप नेता अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस, जो पहले एक-दूसरे की परोक्ष मदद करती थीं, अब खुलकर साथ आती दिख रही हैं। उन्होंने कहा , “पहले ये प्रेमी प्रेमिका की तरह छुप छुप कर मिलते थे लेकिन भाजपा और कांग्रेस का संबंध अब सार्वजनिक हो चुका है। क्या ये देश के लोगों की आँखों में धूल झोंकने जैसा नहीं है?” दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने श्री ढांडा की पोस्ट को साझा करते हुए कहा कि “क्या भाजपा ने अपने ही सहयोगी शिंदे सेना को हराने के लिए कांग्रेस से हाथ मिला लिया है? आखिर चल क्या रहा है?”

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति सरकार है, जिसमें भाजपा, अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और एकनाथ शिंदे की शिवसेना शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने आप के आरोपों को तुरंत खारिज करते हुए कहा कि अंबरनाथ में स्थानीय स्तर पर शिंदे गुट पर भ्रष्टाचार के आरोपों के विरोध में विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने मिलकर ‘अंबरनाथ विकास मोर्चा’ बनाया है, जिसमें निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे भाजपा–कांग्रेस की मिलीभगत बताना गलत है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में नगर पालिका चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, ऐसे में सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

Next Post

भारत जैव-बिटुमेन का व्यावसायिक उत्पादन करने वाला दुनिया का पहला देश बना : गडकरी

Wed Jan 7 , 2026
नयी दिल्ली 07 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि भारत जैव-बिटुमेन का व्यावसायिक उत्पादन करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। श्री गडकरी ने बुधवार को यहां वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद के प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समारोह ‘फ्रॉम फार्म रेज़िड्यू […]

You May Like