गिट्टी बिछाने के बाद 25 दिन से पूरी तरह ठप है सड़क निर्माण कार्य

इंदौर: मूसाखेड़ी के वार्ड 54 में दो साल बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही दिन में काम ठप हो गया. प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई विधायक के हस्तक्षेप के बाद कम कर दिया गया. अब सवाल यह है कि क्या सड़क कहीं चौड़ी और कहीं संकरी बनेगी, जबकि शहर की सामान्य सड़कों की चौड़ाई एक समान रखी जाती है. फिलहाल ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में सिर्फ गिट्टी बिछाने के बाद पिछले 25 दिनों से काम पूरी तरह ठप है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों की कई तरह की दुश्वारियां बढ़ गई .
मूसाखेड़ी क्षेत्र के न्यू इंदिरा एकता नगर की स्कीम नंबर 34-जी की मुख्य सड़क सालों से जर्जर थी, रहवासियों के लगातार प्रयासों के बाद करीब एक महीने पहले निर्माण शुरू हुआ, लेकिन सड़क की चौड़ाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया. फाइल में सड़क की चौड़ाई 20 फीट थी, लेकिन विधायक महेंद्र हार्डिया के हस्तक्षेप के बाद इसे 18 फीट कर दिया गया. दरअसल, सड़क निर्माण में बाधा बने कुछ लोगों ने विकास के लिए अपने निजी निर्माण खुद पीछे हटा लिए, लेकिन कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति उठाते हुए निर्माण नहीं हटाए.

बताया जा रहा है कि निर्माण नहीं हटाने वाले लोग विधायक के पास पहुंचे, इसके बाद विधायक के हस्तक्षेप से उन्हें राहत देते हुए यथावत स्थिति में सड़क निर्माण आगे बढ़ाने की बात कही गई. यदि कुछ लोग निर्माण नहीं हटाएंगे तो सड़क कहीं से चौड़ी कहीं संकरी होकर एक लेवल में कैसे बनेगी? जबकि, शहर की सड़कों की चौड़ाई सामान्यतः एक समान रखी जाती है, फिर यहां अलग-अलग चौड़ाई की सड़क क्यों? फिलहाल ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में सिर्फ गिट्टी बिछाने के बाद पिछले 25 दिनों से काम पूरी तरह ठप है इस कारण क्षेत्रवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हंै. पार्षद स्तर पर प्रयास जारी हैं, लेकिन सवाल यही है विकास की सड़क तय मापदंड से बनेगी या स्थानीय दबाव और वोट बैंक के हिसाब से?

यह बोले रहवासी….

कुछ लोगों ने अपने निर्माण तोड़ दिए हंै और कुछ लोगों ने अब तक नहीं तोड़े. हम चाहते हैं कि वह भी अपने निर्माण तोड़ें, ताकि सड़क एक समान और सुविधाजनक बने.
– गिरवर सिंह रावत

अधूरे निर्माण के कारण कई समस्याएं हो रही हैं. गाड़ियां बाहर रखना पड़ती हैं, चोरियां हो रही हैं. आते-जाते लोग गिर रहे हैं. बारिश होते ही कीचड़ और गंदगी बढ़ जाती है.
– संजय कुमार गढ़वाल

सड़क चौड़ीकरण और निर्माण को लेकर हमने झोन पर आवेदन दिए, वहां से सिर्फ आश्वासन ही मिला. अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया, जो भी बाधक निर्माण हैं, उन्हें भी हटाया जाना चाहिए.
– मुस्तकीम मंसूरी

क्षेत्रवासियों से बात करने पर आधे लोग राजी हुए हैं और आधे लोग नहीं. ऐसे में कहीं संकरी तो कहीं चौड़ी सड़क बनेगी. हर रोज कहने पर भी ठेकेदार काम चालू नहीं कर रहा. अगले 4 दिन में काम शुरू करवाएंगे.
– महेश बसवाल, पार्षद

Next Post

65 कार्मिकों का उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान

Mon Aug 17 , 2026
इंदौर: मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के पोलोग्राउंड स्थित मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने कार्मिकों से बिजली उपभोक्ताओं की सेवा में तत्परता, सजगता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान कियाय उन्होंने राजस्व संग्रहण, पीएम […]

You May Like

मनोरंजन