वंदे मातरम गायन से गूंजा एनसीएल

सिंगरौली : भारत सरकार की मिनिरत्न कंपनी एनसीएल में आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजना एवँ इकाइयों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को एनसीएल में राष्ट्रीय गीत वंंदे मातरम गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीम एनसीएल ने एक स्वर और एक ताल में वंदे मातरम का गायन कर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

इसके अतिरिक्त इस अवसर पर उपस्थित सभी को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज का वितरण और राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी भी ली गई। इस अवसर पर मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल निदेशक मनीष कुमार, निदेशक आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनसीएल अजय कुमार जायसवाल, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे। इस से पूर्व गत बुधवार को एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजना एवँ इकाइयों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया। इस दौरान रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों ने भारत माता के जयकारों के साथ स्थानीय जन मानस से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की और राष्ट्र प्रेम का अलख जगाया।

Next Post

31 साल की नौकरी, 80 लाख वेतन

Fri Aug 14 , 2026
इंदौर: नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त की टीम ने अधिकारी के इंदौर स्थित दो ठिकानों पर एक साथ सर्च शुरू की है। प्रारंभिक जांच में करीब 80 लाख रुपए […]

You May Like