31 साल की नौकरी, 80 लाख वेतन

इंदौर: नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त की टीम ने अधिकारी के इंदौर स्थित दो ठिकानों पर एक साथ सर्च शुरू की है। प्रारंभिक जांच में करीब 80 लाख रुपए की अनुमानित वैध आय के मुकाबले 2.53 करोड़ रुपए का व्यय सामने आया है। यह अंतर 1.73 करोड़ रुपए से अधिक बताया गया है।

जितेंद्र कुमार पांडेय नगर निगम इंदौर में सहायक राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और उनका करीब 31 वर्ष का सेवाकाल रहा है। शिकायत और प्रारंभिक जांच में उनकी आय की तुलना में संपत्ति और खर्च अधिक पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पत्नी के नाम दो भवन, 2.11 करोड़ से ज्यादा खर्च
जांच में सामने आया कि पांडेय की पत्नी भावना पांडेय के नाम आनंद नगर एक्सटेंशन, नवलखा-चितावद, गजाधर नगर में 40 बाय 50 फीट के भूखंड पर जी+3 भवन का निर्माण कराया गया है। लोकायुक्त ने इस भवन पर करीब 1.20 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया है।
इसी तरह गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में पत्नी के नाम भूखंड क्रमांक 32 पर जी+2 भवन बनाया गया है। यहां छात्रावास संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस भवन के निर्माण पर करीब 91.50 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
वाहन और अन्य खर्च भी जांच के दायरे में
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में पत्नी, बेटे और बेटी के नाम चार पहिया व दो पहिया वाहन खरीदे जाने तथा अन्य खर्चों पर करीब 14 लाख रुपए व्यय किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

पांडेय को पूरे सेवाकाल में करीब 80 लाख रुपए वेतन के रूप में प्राप्त हुए, जबकि अब तक करीब 2.53 करोड़ रुपए का व्यय सामने आया है। प्रारंभिक आकलन में यह राशि वैध आय से 1,73,08,069 रुपए अधिक है, जो करीब 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति/व्यय के रूप में सामने आया है। हालांकि सर्च कार्रवाई अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद आंकड़ों में बदलाव संभव है।
दो ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
लोकायुक्त ने पांडेय के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। शुक्रवार सुबह से लोकायुक्त की टीमें उनके इंदौर स्थित दो ठिकानों पर दस्तावेज, संपत्ति और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया सहित टीम शामिल है। लोकायुक्त एसपी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में अधिकारी की वैध आय की तुलना में संपत्ति और व्यय काफी अधिक पाया गया है। दोनों ठिकानों पर सर्च जारी है। दस्तावेज और अन्य सामग्री की जांच के बाद अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट होगा।

Next Post

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले कश्मीर घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और संवेदनशील जगहों पर निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है

Fri Aug 14 , 2026
श्रीनगर, स्वतंत्रता दिवस के जश्न से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें खुफिया जानकारी साझा करने, ट्रैफिक प्रबंधन और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती पर विशेष जोर दिया […]

You May Like