छतरपुर: जिले के लकड़ी फर्नीचर उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने तथा उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से बीते दिन शहर के एक निजी होटल में एमपी ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) प्रगति समिट-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग द्वारा किया गया।
समिट का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया एवं कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में एमएसएमई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा फर्नीचर निर्माण इकाइयों के प्रतिनिधि, निवेशक, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, ई-कॉमर्स, डिजाइन एवं विपणन क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।
विधायक ललिता यादव ने कहा कि छतरपुर के लकड़ी फर्नीचर को जीआई टैग मिलने से जिले के उत्पादों को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम धामची में फर्नीचर उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई विभाग एवं ओएनडीसी (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) के बीच एमओयू का आदान-प्रदान भी किया गया। इससे जिले के फर्नीचर कारीगरों, उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को डिजिटल नेटवर्क के माध्यम से देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा कि राज्य शासन जिले के औद्योगिक विकास पर विशेष फोकस कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिसके लिए भूमि चिन्हांकन एवं आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि समिट के माध्यम से कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय उद्योगों को नई दिशा और गति प्राप्त होगी
