मुंबई, 04 जून (वार्ता) मौसम विभाग ने गुरुवार को महाराष्ट्र के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।
मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, धुले, नंदुरबार, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, कोल्हापुर, सतारा, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, धाराशिव, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और नागपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इस बीच, मुंबई में गुरुवार सुबह मौसम साफ रहा और तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने हालांकि दिन में बाद में मुंबई, ठाणे और पालघर में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताये हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि दक्षिणी दिशा से 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर दो बजे के बाद हल्की बारिश के आसार हैं, जो शाम तक तेज हो सकती है। शाम सात बजे तक हल्की बारिश की 43 प्रतिशत के आसार हैं। शाम के दौरान बादल छाये रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा कि पांच और छह जून को भी मुंबई और ठाणे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में गुरुवार को दस्तक दे सकता है और इसके बाद धीरे-धीरे महाराष्ट्र की ओर बढ़ेगा। शहर की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ की श्रेणी में बनी हुई है। गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 71 दर्ज किया गया।
