सीहोर। बीते कुछ दिन से रह- रहकर बरस रहे बादलों ने सोमवार की दोपहर झमाझम बरसते हुए माहौल में ठंडक घोल दी. आधे घंटे तक बारिश का सिलसिला बना रहा.
जिले में मानसून ने इस बार अच्छी शुरुआत की है. जिला भू-अभिलेख शाखा द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार 22 जून तक जिले में औसतन 2.78 इंच वर्षा दर्ज की गई है. यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 2.45 इंच औसत वर्षा से अधिक है, जिससे इस बार मानसून की स्थिति बेहतर मानी जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में इछावर केंद्र पर सर्वाधिक 0.43 इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि जिले की औसत दैनिक वर्षा 0.05 इंच रही.
इछावर और भैरूंदा में अब तक सर्वाधिक 4.68 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जो लगभग पौने पांच इंच के बराबर है. इसके अलावा जिला मुख्यालय सीहोर में 3.40 इंच, बुधनी में 2.93 इंच तथा आष्टा में 2.44 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है. अन्य क्षेत्रों में श्यामपुर में 1.49 इंच, रेहटी में 1.36 इंच तथा जावर में सबसे कम 1.22 इंच वर्षा दर्ज की गई है यदि पिछले वर्ष की समान अवधि से तुलना की जाए तो इस बार वर्षा की स्थिति संतोषजनक है. पिछले वर्ष 22 जून तक जिले में औसतन 2.45 इंच वर्षा दर्ज हुई थी, जबकि इस वर्ष यह 2.78 इंच हो गई है.
