चेन्नई, चेन्नई में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के काफिले की सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर जाने की कोशिश करने पर पुलिस ने एक जोड़े को हिरासत में लिया।
चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सुरक्षा में बड़ी चूक की खबर सामने आई। सीएम जोसेफ विजय के काफिले में बाधा डालने के आरोप में चेन्नई में पुलिस ने एक जोड़े को हिरासत में लिया है।
उन पर आरोप है कि उन्होंने सचिवालय के पास तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के काफिले में घुसने की कोशिश की। चेन्नई पुलिस के मुताबिक, यह जोड़ा उस व्यक्ति के माता-पिता है जिसकी पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोड़े ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के सामने अपनी शिकायत रखनी चाही थी इसलिए काफिले को रोकने के लिए पुलिस सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते ही पुलिस ने उन्हें काबू में कर हिरासत में ले लिया।
दंपति ने बेटे के लिए मांगा इंसाफ
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वे अचानक मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के काफिले की सुरक्षा सीमा में घुस गए, तो पुलिस ने पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि शिवगंगा जिले के मनामदुरई के एक युवा इंजीनियरिंग ग्रेजुएट की इस साल मार्च में पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी।
धीमा हुआ सीएम का काफिला
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि युवक के माता-पिता और रिश्तेदार उसके लिए न्याय की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अचानक हुई इस हलचल के कारण मुख्यमंत्री विजय की गाड़ी कुछ देर के लिए धीमी हो गई, जिसके बाद चेन्नई पुलिस ने उस जोड़े को वहां से हटा दिया।
सीएम विजय की सुरक्षा में कई बार चूक
आपको जानकारी दें, कि अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की सुरक्षा में चूक पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार फैंस की दीवानगी में उनकी सुरक्षा को लेकर चूक की खबरें सामने आई है। फैंस विजय से हाथ मिलाने के लिए या उनके साथ फोटो खिचाने के लिए कई बार सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश कर चुके है।
हालांकि, इस बार एक माता-पिता ने सीएम से बात करने के लिए सुरक्षा में खलल डालने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते दंपति को रोक लिया। अब ये देखना होगा कि क्या सीएम विजय इस मामले पर कोई कार्रवाई करते है या उस दंपति की मांग को सुनते है या नहीं।
