सीहोर। आगामी 24 अगस्त को सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा एवं आईजी श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र ने रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में कलेक्टर बालागुरू के, एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना तथा कुबेरेश्वर धाम समिति के समीर शुक्ला ने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी.
कमिश्नर एवं आईजी ने कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके लिए आवश्यकता पडऩे पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए. पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था के साथ यातायात कर्मियों एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया.
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक एवं कुबेरेश्वर धाम में दर्शन किए जाएंगे. इसे देखते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश, निकासी एवं दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए. कांवडिय़ों की आवाजाही के मार्गों पर भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि कावंड़ यात्रा के दौरान आवागमन सुगम बना रहे.
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर व एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. हेल्थ केम्प में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहे. किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था रखने तथा उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए. स्वास्थ्य विभाग को सतत निगरानी करने के लिए कहा गया.
