श्रीनगर, 01 अगस्त (वार्ता) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान श्रीनगर के बाहरी इलाके पंथाचौक स्थित अपने बटालियन मुख्यालय से लापता हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) सुगम चौधरी, जो 60वीं बटालियन बीएसएफ की ‘सी’ कंपनी में तैनात थे, कल शाम लापता हो गए।
अधिकारियों ने बताया, “बस और टैक्सी स्टैंड और नौगाम श्रीनगर रेलवे स्टेशन सहित आस-पास के इलाकों में तलाशी के प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। यूनिट द्वारा पंथाचौक पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।”
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने किसी भी तरह की तोड़फोड़ की आशंका से इनकार किया। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि वह किसी निजी समस्या के कारण मुख्यालय से भाग गए हों।”
