इंदौर:ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत तुकोगंज पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खाते का खुलासा कर एक युवक को गिरफ्तार किया है. जांच में खाते से 9 लाख 6 हजार 958 रुपए के संदिग्ध लेनदेन सामने आए हैं. इस खाते को लेकर कर्नाटक और मध्यप्रदेश से दो शिकायतें भी दर्ज मिली हैं.न्यू पलासिया स्थित सिटी यूनियन बैंक की शाखा में आरोपी सुयश लाठ उम्र 25 साल, निवासी मेघदूत नगर का खाता है.
जांच में सामने आया कि इस खाते का इस्तेमाल बिटकॉइन में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी की रकम लेने के लिए किया जा रहा था. आरोपी ने साथी के साथ मिलकर खाते में आई रकम निकाली. एनसीआरपी और साइबर क्राइम पोर्टल से मिले डाटा की जांच के दौरान खाते की संदिग्ध गतिविधि सामने आई. खाते से जुड़ी शिकायतें कर्नाटक के चिक्काबल्लापुरा जिले के चिंतामणि टाउन और देवास जिले के विजयगंज मंडी थाने से मिली हैं. तुकोगंज थाना प्रभारी जितेन्द्र चौहान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, उससे अन्य म्यूल खातों और उसके साथी के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
