सतना:विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला मलेरिया कार्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया।कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों और आमजन को मच्छरों के लार्वा की पहचान करने की जानकारी दी गई। रैपिड रिस्पांस टीम के सदस्यों को मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सभी को अपने घर, कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, जलभराव से बचने तथा नियमित रूप से लार्वा विनष्टीकरण करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही लोगों को समय-समय पर कूलर और पानी के बर्तनों की सफाई करने, मच्छरदानी और प्रतिकारक साधनों का उपयोग करने तथा स्वच्छ पेयजल अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के तहत अंतरविभागीय समन्वय स्थापित करने हेतु स्थानीय कार्यालयों का भ्रमण किया गया। पंपलेट वितरण कर लोगों को मच्छर जनित रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी दी गई। रैपिड रिस्पांस टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र में जलभराव वाली जगहों पर टीमोफास का छिड़काव किया और लार्वा सर्वे अभियान भी संचालित किया।
