
सिंग्रामपुर/दमोह। दमोह जिले के सिंग्रामपुर–पोंडी मानगढ़ मार्ग पर स्थित ग्राम हरदुआ सिंगौरगढ़ की पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया के टूटे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और बरसात के मौसम में दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन किसान, छात्र, मजदूर और अन्य लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पुलिया पर पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को पुलिया की मरम्मत कराने की मांग से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का सुधार कार्य नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने प्रशासन व लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पुलिया का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत व सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से आमजन को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सुधार कार्य शुरू कराने की अपील की है।
