
भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती को सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बताकर अपने प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर दिल्ली ले जाने, वहां असली पहचान उजागर कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और धमकाने का मामला सामने आया है. युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, युवती की एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर खुद को क्रिस जैन बताने वाले युवक से पहचान हुई थी. आरोपी ने स्वयं को हिंदू और संपन्न परिवार का सदस्य बताकर युवती का विश्वास जीता. उसने कई बार अपनी मां से भी फोन पर बात कराई. बाद में वह भोपाल के करोंद क्षेत्र स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करने लगा और हाथ में कलावा पहनकर खुद को हिंदू बताता रहा. शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई को आरोपी ने युवती के पिता को फोन कर बेटी से शादी करने की इच्छा जताई. इसके बाद वह युवती को करोंद से भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया और दिल्ली चलकर शादी करने की बात कही. युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. भय के कारण युवती उसके साथ ट्रेन से दिल्ली चली गई. युवती का आरोप है कि नई दिल्ली पहुंचने पर आरोपी ने अपना असली नाम जुम्मन अंसारी बताया और कहा कि वह मुस्लिम है तथा शादी मस्जिद में होगी. युवती के इनकार करने पर उस पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर आरोपी ने दोबारा धमकी दी. इसी दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद रेलवे पुलिस उन्हें जीआरपी थाने ले गई.
मंत्री सारंग के हस्तक्षेप से हुई दस्तयाब
युवती के पिता ने बताया कि बेटी के लापता होने पर उन्होंने मंत्री विश्वास सारंग से मदद मांगी. इसके बाद भोपाल और दिल्ली पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। इसके बाद भोपाल पुलिस और परिजन उसे वापस भोपाल लेकर आए. परिजनों के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे मंत्री सारंग को मामले की जानकारी दी गई थी. उन्होंने तत्काल दिल्ली पुलिस, भोपाल पुलिस और रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पूरे घटनाक्रम की निगरानी की.
