
ग्वालियर। डबरा सिटी थाना क्षेत्र में गीता टॉकीज चौराहे के पास दोपहर में हादसा हो गया। कार चालक की लापरवाही से बाइक से जा रहा परिवार घायल हो गया। बाइक पर बैठी महिला व उसके दो छोटे बच्चे घायल हो गए, जिनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मामला कायम कर फरार हुए कार चालक की तलाश शुरु कर दी है। दिनेश कुशवाह निवासी महाराजपुर डबरा देहात अपनी मोटर साइकिल एमपी 07एनएम-5846 से बाजार की तरफ जा रहे थे। दिनेश के साथ बाइक पर उनकी पत्नी कौशल्या 32 वर्ष, बेटा आनंद 14 वर्ष तथा राज कुशवाह 10 वर्ष भी बैठे थे। दिनेश कुशवाह बाइक से अभी गीता टॉकीज चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि तभी पीछे की तरफ से आ रही कार नम्बर एमपी 33 सी-9543 के ड्राइवर ने पीछे की तरफ से बाइक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दिनेश उनकी पत्नी कौशल्या व दोनों बेटे आनंद व राज सडक पर गिर गए। सड़क पर गिरने से कौशल्या, आनंद तथा राज घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन तब तक कार चालक गाड़ी भगा ले जाने में सफल हो गया। घायलों का इलाज चल रहा है।
