खबर का असरः बहेरा डंप पर लाखों घन मीटर अवैध भण्डारण सहित अवैध क्रेशर प्लाण्ट मिला, डंफर एवं मशीने जप्त, प्लाण्ट सील

खास बातें

1- मौके पर एक भी दस्तावेज प्रस्तुत नही कर सके बहेरा क्रेशर एवं प्लाण्ट संचालक।

2- ए.एस. माइनिंग ट्रांसपोर्टेशन के संचालक मनोज राय निवासी सतना को नोटिस जारी।

3- दो वर्ष से चल रहा था भंडारण की आड़ में अवैध क्रेशर एवं अवैध एम सेंड एवं गिट्टी की बिक्री।

नेशनल हाइवे रोड के ठीक किनारे पन्ना सतना मार्ग के बहेरा में विगत दो वर्षो से रेलवे परियोजना के बोल्डर भंडारण की आड़ में अवैध रूप से क्रेशर लगाकर स्वीकृत से कई गुना अधिक भंडारण कर गिट्टी एवं एम सेंड का निर्माण कर खुलेआम बिक्री एवं व्यापार कर लाखो रूपये की राजस्व चोरी की जा रही थी। आखिर दो साल तक किसके संरक्षण में यह सब चलता रहा, अभी तक क्यों कार्यवाही नही हुई इसको लेकर जिला प्रशासन पर सवालिया निशान लगना स्वाभाविक है। देर से ही सही गत 6 अगस्त को समाचार पत्र में इस अवैध करोबार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था जिस पर खनिज विभाग ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की। हासिल जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने मौके पर निरीक्षण कर क्रेशर प्लांट को सील करने के साथ 10 डंपर और दो पोकलेन मशीनों को जब्त किया है। संबंधित फर्म के पार्टनर को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर दस्तावेजों के साथ जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक आकलन में करीब 12 लाख घनमीटर गिट्टी एग्रीगेट, 9 लाख घनमीटर प्राकृतिक बोल्डर और लगभग 4 लाख घनमीटर एम सैंड भंडारित होना पाया गया। इस तरह कुल करीब 25 लाख घनमीटर खनिज सामग्री मौके पर होने का अनुमान लगाया गया है। आवश्यक दस्तावेज मांगे गए लेकिन तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पंचनामा तैयार कर क्रेशर प्लांट को सील किया गया तथा मौके पर मौजूद 10 डंपर और दो पोकलेन मशीनों को जब्त कर मुंशी की सुपुर्दगी में दिया गया।

त्रिशूल कन्ट्रक्शन कंपनी द्वारा भंडारित किया गया था बोल्डर – खनिज विभाग द्वारा खनिज के स्रोत और रॉयल्टी भुगतान की भी जांच की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार रेलवे परियोजना में ब्लास्टिंग से प्राप्त पत्थर एवं बोल्डर को त्रिशूल कन्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बहेरा डंप में लाकर भंडारित किया गया था। विभाग को आशंका है कि वैध दस्तावेजों के अभाव में अतिरिक्त खनिज का भंडारण कर क्रेशर के माध्यम से गिट्टी और एम सैंड तैयार कर उसका विक्रय किया जा रहा था। मामले में खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

ए एस माइनिंग फर्म से मांगे गए दस्तावेज – खनिज विभाग ने में. ए.एस. माइनिंग ट्रांसपोर्टेशन पार्टनर मनोज राय निवासी-लोटस सिटी सतना को नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में उल्लेख है कि दिनांक 08 अगस्त को खनिज विभाग पन्ना के दल द्वारा ग्राम बहेरा तहसील पन्ना स्थित रेलवे परियोजना के भंडारण स्थल (बहेरा डम्प) का स्थल निरीक्षण किया गया। जिसमें आपके द्वारा स्वीकृत भंडारण पर जमा रॉयल्टी के अतिरिक्त बहुत अधिक खनिज का भंडारण किया गया है। जिसके कोई वैध दजस्तावेज मौके पर उपस्थित मुंशी अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत नही किये गए है। भंडारित सामग्री के आधार पर प्रारंभिक स्थलीय आकलन में लगभग 12 लाख घनमीटर गिट्टी एग्रीगेट, लगभग 9 लाख घनमीटर प्राकृतिक बोल्डर तथा लगभग 4 लाख घनमीटर एम-सैंड की अनुमानित मात्रा पाई गई। रेलवे परियोजना में कार्य के दौरान ब्लास्टिंग से प्राप्त पत्थर बोल्डर को त्रिशूल कंस्ट्रक्शन द्वारा उक्त स्थल पर लाकर अथवा उपलब्ध कराकर भंडारित किया गया है। ई-खनिज पोर्टल पर उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के अनुसार त्रिशूल कंस्ट्रक्शन के नाम से लगभग 7.85 लाख घनमीटर के आसपास की मात्रा से संबंधित रॉयल्टी जमा होना परिलक्षित बताया गया है, जबकि लगभग 2.15 लाख घनमीटर की मात्रा से संबंधित रॉयल्टी दिनांक 08.अगस्त तक जमा नही कि गई है। इसके अतिरिक्त शेष खनिज का अवैध रूप से भण्डारण कर केशर मशीन द्वारा गिट्टी/एम-सेण्ड तैयार कर विक्रय किया जा रहा है। जोकि खनिज नियम 2022 के तहत में अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन की श्रेणी में आता है।

इनका कहना है –

अत्यधिक भंडारण की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया जहां स्वीकृत मात्रा से अधिक खनिज भंडारित पाया गया। संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है। क्रेशर प्लांट को सील करने के साथ वाहनों और मशीनों को जब्त किया गया है। मामले में आगे भी विस्तृत जांच की जाएगी।

रवि कुमार पटेल, उप संचालक खनिज विभाग पन्ना

Next Post

तिरंगा रेली के दौरान लगे देशभक्ति के नारे,कलेक्टर,जनप्रतिनिधि,स्कूली छात्र,जागरूक लोग हुए शामिल

Thu Aug 13 , 2026
पांढुरना, हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज नगर में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान जिला कलेक्टर,स्कूली छात्र,जनप्रतिनिधि, जागरूक नागरिकों द्वारा लगाए गए देश भक्ति के नारों के जयकारों से पूरा नगर गुंजता रहा। सरकार के निर्देशों के परिपालन में हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को नगर […]

You May Like