इंदौर: अभियोजन संचालनालय में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता और प्रशिक्षण के प्रति रुचि भी साफ नजर आई.भोपाल से आए प्रभारी संयुक्त संचालक के आगमन पर जिला न्यायालय स्थित कार्यालय में उनका स्वागत किया गया. उन्होंने अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए कामकाज की गति और गुणवत्ता पर जोर दिया.
साथ ही प्रशिक्षण के जरिए खुद को अपडेट रखने की जरूरत भी बताई. आईगॉट प्लेटफॉर्म पर 2 से 10 अप्रैल तक चले साधना सप्ताह में सबसे ज्यादा कोर्स पूरे करने वाले सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी आरती राजौरिया, ईशु यादव और रेणु मंडलोई को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान यह भी देखने को मिला कि विभाग अब डिजिटल प्रशिक्षण को लेकर ज्यादा सक्रिय हो रहा है और अधिकारियों को नई कार्यप्रणाली के अनुसार तैयार किया जा रहा है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में और तेजी लाई जा सके.
