नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली मास्टर प्लान 2047 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए गुरुवार को कहा कि इसमें कमजोर नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बजाय हाईराइज इमारतों और बिल्डर लॉबी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि मास्टर प्लान में बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र, जल संकट, पुरानी सीवर-पानी की पाइपलाइन, जर्जर सड़कों और वाहनों के बढ़ते दबाव जैसे गंभीर मुद्दों की अनदेखी की गयी है। एफएआर बढ़ाने और बिजली, पानी एवं सड़क क्षमता विकसित किए बिना अतिरिक्त मंजिलों की अनुमति देने से यातायात जाम और नागरिक सुविधाओं पर दबाव बढ़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता में आते ही जेजे क्लस्टरों को हटाने की जल्दबाजी इसलिए की, ताकि निजी बिल्डरों के लिए जमीन उपलब्ध करायी जा सके। उन्होंने कहा कि पुराने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से मौजूद सीवेज, जल निकासी और पानी की समस्याओं का समाधान किये बिना उच्च घनत्व वाले निर्माण को बढ़ावा देना गंभीर भूल है। पार्किंग की समस्या भी आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी चुनौती बनेगी।
