इंदौर एयरपोर्ट पर सुरक्षा बलों का ‘ऑपरेशन सुरक्षा’

इंदौर:आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए शहर के अति-संवेदनशील देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी आतंकवाद रोधी तैयारियों को परखा। बुधवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एक उच्च स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट परिसर में किसी भी संभावित आतंकी हमले, संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों के रिस्पॉन्स टाइम और आपसी तालमेल का परीक्षण करना था।

मॉक ड्रिल की शुरुआत एयरपोर्ट परिसर में संदिग्ध आतंकियों की घुसपैठ और सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की एक काल्पनिक स्थिति आपातकालीन परिदृश्य तैयार कर की गई। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के क्विक रिस्पॉन्स टीम , बीएसएफ के जवानों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए पूरे एयरपोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर लिया। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मॉक ड्रिल के तहत आतंकी खतरे को बेअसर किया। इस दौरान बम निरोधक दस्ता , फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम भी पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर तैनात रही।

इस आतंकवाद रोधी अभ्यास का मुख्य ध्यान अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और कमांड समन्वय को मजबूत करने पर था, ताकि वास्तविक खतरे के समय कम से कम समय में काउंटर ऑपरेशन को अंजाम दिया जा सके। ड्रिल के समापन पर सभी एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतरीन तालमेल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इंदौर एयरपोर्ट किसी भी प्रकार के सुरक्षा खतरे या अप्रिय घटना का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Next Post

बड़े तालाब पर तिरंगा छाया 350+ बोट्स के साथ निकली फ्लोटिंग तिरंगा यात्रा

Thu Aug 13 , 2026
  भोपाल: स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में भोपाल के बड़े तालाब पर देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां 350 से ज्यादा बोट्स के साथ भव्य फ्लोटिंग तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की मौजूदगी में 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों और […]

You May Like