
मंदसौर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्यप्रदेश, उज्जैन संभाग के तत्वावधान में दक्षिण भारत हाईक पर गया मंदसौर जिले का स्काउट-गाइड दल यात्रा पूरी कर मंगलवार को मंदसौर लौटा। दक्षिण भारत के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के साथ दल के सदस्यों ने वहां की संस्कृति, परंपराओं और व्यवस्थाओं को भी करीब से समझा। वापसी पर प्रतिभागियों ने यात्रा को रोमांचक, ज्ञानवर्धक और जीवनभर याद रहने वाला अनुभव बताया।
दल ने तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, मदुरई मीनाक्षी मंदिर, पद्मनाभस्वामी मंदिर तिरुवनंतपुरम एवं श्री कालाहस्ती सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान विशेष रूप से तिरुपति देवस्थानम की व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिला। देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल तिरुपति में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था को स्काउट-गाइड सदस्यों ने करीब से देखा।
सिंहस्थ में उपयोग होगा तिरुपति का अनुभव
दल के सदस्यों के अनुसार तिरुपति में भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने, अलग-अलग मार्गों से आवागमन कराने और स्वयंसेवकों की भूमिका का प्रभावी ढंग से उपयोग करने की व्यवस्था अनुकरणीय है। उज्जैन में आगामी सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में हाईक के दौरान प्राप्त भीड़ प्रबंधन का यह व्यावहारिक अनुभव स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन और परंपराओं को नजदीक से जाना। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, साहस, सहयोग एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा मिला।
दक्षिण भारत हाईक में मंदसौर ब्लॉक प्रभारी मोहम्मद उमर शेख, गरोठ ब्लॉक प्रभारी राजेश कुमार पंड्या, भानपुरा ब्लॉक प्रभारी रोशन बाबू लीलगर एवं मंदसौर सह प्रभारी करण भाटी के नेतृत्व में दल ने सहभागिता की। दल में मांगीलाल गौड़, सुरेश भावसार, मनोहरलाल शर्मा, मोहनलाल सिंधी, गौतम आर्य, ज्योति जैन, मोहन पाटीदार, हरीश नामदेव, गिरधारीलाल भावसार, नंदकिशोर शर्मा, राहुल माली, महेश भंडारी, विद्या भंडारी, महेश कुमार पांडे, रितु पांडे, मोहन बाई भावसार, आराध्या बैरागी एवं मधुबाला नामदेव सहित सदस्य शामिल रहे।
यात्रा के सफल आयोजन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंदसौर-नीमच-रतलाम प्रभारी दीपिका बैरागी, जिला मुख्य आयुक्त अंशुल बैरागी, सहायक राज्य संगठन नायक सुरेश पाठक, रोवर कमिश्नर एन.डी. वैष्णव एवं जिला सचिव सलमा शाह सहित पदाधिकारियों का मार्गदर्शन और सहयोग रहा। दल के सदस्यों ने कहा कि यह हाईक उनके लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि सीखने, सेवा और राष्ट्रीय एकता को करीब से समझने का अवसर रहा।
