
छिन्दवाड़ा. कांग्रेस ने देश को क्या दिया, यह सवाल अक्सर सत्ता में बैठे हुए लोग उठाते हैं, तो इसका सीधा जवाब है कि कांग्रेस ने सबसे पहले अंग्रेजों से देश को मुक्त कराया। संसद में खड़े होकर बोलने और सवाल करने का अधिकार भी कांग्रेस ने दिया है। आइआईटी, आइआईएम से लेकर एम्स तक कांग्रेस की सरकार ने ही दिए हैं। यह मुंहतोड़ जवाब देना होगा, तभी संविधान और देश बचेगा। उक्त उदगार संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा एवं पांढर्ना के आयोजित प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए महेन्द्र जोशी ने व्यक्त किए।
उन्होंने आजादी के बाद भारत के विकास और भारत गौरव यात्रा पर प्रमुखता से चर्चा करते हुए कहा कि 1947 में आजादी के बाद कांग्रेस ने देश की बागडोर संभाली और बड़े बांध, आईआईटी, इसरो, परमाणु अनुसंधान केंद्र और मेडिकल कॉलेज बनाकर आधुनिक भारत की नींव रखी। पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, कांग्रेस के सभी प्रधान मंत्रियों ने देश के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने 70 साल की इस गौरव यात्रा में बांग्लादेश के निर्माण जैसे ऐतिहासिक कदमों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। छिन्दवाड़ा जिले में संचालित विभिन्न स्किल सेन्टर की शुरुआत कमलनाथ एवं नकुलनाथ ने करवाई है, जहां से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में बच्चे तकनीकी शिक्षा हासिल कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं, सवाल कांग्रेस को पूछना चाहिए कि 22 वर्षों की प्रदेश भाजपा सरकार और केन्द्र की 12 वर्षों की सरकार ने छिन्दवाड़ा जिले में कितने स्किल सेन्टर स्थापित किए हैं, कितने युवाओं को रोजगार दिया है। सवाल उठाने और पूछने का अधिकार सत्ता को नहीं विपक्ष को होता है, इसीलिये सवाल उठाए और जवाब मांगें। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के लिए लडऩा ही विपक्ष की अहम भूमिका है, लेकिन उसमें जनता की सहभागीता भी उतनी ही आवश्यक है, इसके लिए जागरूक करना बहुत आवश्यक है तभी यह संभव हो पाएगा। संघर्ष संगठित होना चाहिए तभी सफलता मिलती है। उन्होंने बदलते हुए दौर में युवाओं की भागीदारी पर भी जोर दिया।
