
ग्वालियर, नगर निगम की जनसुनवाई में वार्ड 40 जोन 18, माली वाली गली भैंसा चौक निवासी सुनील कोष्ठी ने आयुक्त के नाम गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली शकुन जैन ने सरकारी नाली में मसाला डालकर उसे बंद कर दिया है और ढलान को भी प्रभावित किया है।
*गंदा पानी घर के आंगन में घुस रहा*
आवेदन में कोष्ठी ने बताया कि नाली बंद होने के कारण बरसात और नाली का गंदा पानी गहरे गड्ढे में भर जा रहा है। इससे मच्छर और लार्वा पनप रहे हैं। उनका कहना है कि उनके घर के आंगन में ही खाना बनता है और नाली का पानी आंगन में प्रवेश कर जाता है। इसके चलते उन्हें दिन में 10-12 बार झाड़ू-पोछा करना पड़ रहा है।
*10-12 बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई*
पीड़ित ने कहा कि इस समस्या को लेकर वह क्षेत्र अधिकारी से 10-12 बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ और कोई अनहोनी हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
