
विंध्य की डायरी
डा. रवि तिवारी
रीवा कभी विंध्य प्रदेश की राजधानी हुआ करता था और इसका अपना गौरवशाली इतिहास रहा है. विंध्य की तस्वीर तेजी से बदल रही है. विंध्य के विकास को नए पंख लग गये हैं . विंध्य के विलय के बाद विकास की गति कुछ वर्षो तक धीमी पड़ी और समय चक्र के बदलने के साथ विंध्य का विकास शैक्षणिक क्षेत्र में तेजी से हुआ. धीरे-धीरे समय बदला और विकास का पहिया डग़मगाने लगा. इसके बाद फिर समय बदला और आवश्यकताओं के साथ मांग बढ़ी. विंध्य में वह सब कुछ है जो किसी भी क्षेत्र को विकसित और अग्रणी बनाने में सहायक होता है.
पर्यटन, उद्योग, कला , संस्कृति, व्यापार एवं निवेश की पर्याप्त संभावनाओं के बीच एयरपोर्ट की कमी वर्षो से खल रही थी. रीवा में 1962 में हवाई पट्टी की स्थापना हुई थी, उसके बाद किसी ने आगे नही सोचा. कुछ वर्षो बाद रीवा विंध्य की तस्वीर तेजी से बदलने लगी, बस जरूरत थी विंध्य को देश के महानगरों से जोडऩे की और फिर विंध्य के विकास पुरूष कहे जाने वाले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला की इच्छा शक्ति ने रीवा एयरपोर्ट की परिकल्पना को साकार किया. अक्टूबर 2023 को भूमि पूजन और 19 महीने बाद भव्य एयरपोर्ट का लोकार्पण हुआ. इसके साथ ही विंध्य दिल्ली, इंदौर, रायपुर एवं भोपाल, कोलकाता से सीधे जुड़ गया. यह सब संभव हुआ उप मुख्यमंत्री शुक्ल के मैराथन प्रयास और उनके जिद जुनून के कारण, महज 10 माह के अंदर देश के 5 बड़े महानगरों के साथ चौतरफा हवाई सेवा से जुडऩा यह केवल सुगम यात्रा ही नही बल्कि विंध्य क्षेत्र के विकास का स्वर्णिम युग का संचार हुआ है. यहां यह कहना गलत नही होगा कि खुली आंखों से देखे सपने साकार होते हैं बस साहस और इच्छा शक्ति हो. निश्चित रूप से उद्योग, व्यापार, पर्यटन एवं निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ेेगी और आने वाले समय में विंध्य देश के नक्शे में अपना अलग स्थान स्थापित करेगा.
वर्षो बाद कोई प्रशासक पहुंचा जनता के बीच
किसी भी संस्था या संगठन का पद पाने के बाद बहुत कम लोग होते है जो जनता और हितग्राहियों से मैदान पर उतर कर सीधे संवाद करते हैं . वर्षो बाद अपेक्स बैंक के प्रशासक/अध्यक्ष विंध्य के दौरे पर पहुंचे और जनता के साथ कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया. योजनाओं की जानकारी लेने के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव पदभार ग्रहण करने के बाद लगातार क्षेत्र भ्रमण पर है. हाल ही में विंध्य के दौरे में पहुंचे और सिंगरौली, सीधी के साथ मऊगंज पहुंचकर जनता से मिले और फीडबैक लिया. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मिलकर अपेक्स बैंक के कार्यो की चर्चा की. वर्षो बाद ऐसा हो रहा है जब अध्यक्ष का विंध्य में इस तरह दौरा हो रहा है.
कप्तान की सूची चर्चा में….
पुलिस कर्मियों के प्रदेश स्तर पर हुए स्थानान्तरण के बाद जिले स्तर पर पुलिस कप्तान पुलिस कर्मियों को जिले के अंदर इधर से उधर कर रहे हैं . हाल ही में रीवा पुलिस कप्तान द्वारा पुलिस कर्मियों की जारी की गई तबादला सूची इस समय चर्चा में है. एक सैकड़ा से अधिक पुलिस कर्मियों को शहर एवं देहात के थानों में पदस्थापना की गई है. सूची को लेकर चर्चा है कि इसमें पुलिस कप्तान की रूचि कम बल्कि थाना प्रभारियों की रूचि ज्यादा रही. थाना प्रभारियों ने अपने हिसाब से अपने चहेते आरक्षकों को अपने पास बुलाया है. कई घाघ पसंदीदा आरक्षकों को थाना प्रभारियों ने अपने थाने में पदस्थ कराने में सफलता हासिल की है और इसके लिये कोई खास मेहनत भी नही करनी पड़ी. सरल स्वभाव के पुलिस कप्तान को थाना प्रभारियों की चालबाजी समझ में नही आ रही है. दरअसल उनका उद्देश्य है जिले में अपराध पर नियंत्रण, ऐसे में थाना प्रभारी होनहार आरक्षकों की कमी बताकर अपने चहेतों को थाने में पदस्थ कराने में सफल हो गये.
