
सिंगरौली। जिले के मोरवा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में मौसम का कहर लगातार जारी है। बीते चार दिनों से दूसरी बार तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज हालात और गंभीर हो गए, जब आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली। तेज हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक है कि जगह-जगह बिजली के तार टूटने, खंभे गिरने और पेड़ों के सड़क तथा बिजली लाइनों पर गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।आंधी के कारण कई सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित हो जा रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन लगातार बदलते मौसम के चलते राहत और मरम्मत कार्यों में चुनौतियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।सिंगरौली में मौसम का यह विकराल रूप फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा, जिससे बिजली विभाग और आमजन दोनों के सामने बड़ी चुनौती देखी जा रही है।
