हरजाई मिल्खा सिंह और कृष चावला की भारतीय जोड़ी ने बालक वर्ग का टीम खिताब जीता

कोलंबो, 20 जून (वार्ता) हरजाई मिल्खा सिंह और कृष चावला की जोड़ी ने शुक्रवार देर शाम यहां रॉयल कोलंबो गोल्फ क्लब में आयोजित प्रतिष्ठित एपीजीसी जूनियर गोल्फ चैंपियनशिप का बालक टीम खिताब भारत के नाम कर दिया। भारतीय जोड़ी ने कुल नौ-अंडर पार का संयुक्त स्कोर बनाते हुए दक्षिण कोरिया के जेयी सोन और जियुल चुन तथा थाईलैंड के जेसाडा चुआंगप्रायून और ताक्रित सुपागोनचूवोंग की मजबूत जोड़ियों को एक स्ट्रोक से हराया। एशिया-प्रशांत गोल्फ परिसंघ (एपीजीसी) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 15 देशों के 64 जूनियर गोल्फरों ने भाग लिया। भाग लेने वाले देशों में सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, चीनी ताइपे, भारत, चीन, हांगकांग, थाईलैंड, म्यांमार, ओमान, कतर, जॉर्डन, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, फिलीपींस और मेजबान श्रीलंका शामिल थे। हरजाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल सात-अंडर 206 (69-70-67) के स्कोर के साथ दक्षिण कोरिया के जेयी सोन से तीन स्ट्रोक पीछे रहकर उपविजेता स्थान हासिल किया। वहीं कृष ने कुल दो-अंडर 211 (75-67-69) के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से छठा स्थान प्राप्त किया। भारतीय बालिका टीम की गुंतास कौर संधू (18वां स्थान) और राशि मिश्रा (19वां स्थान) का प्रदर्शन यादगार नहीं रहा। दिल्ली पहुंचने पर टीम का भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) के अधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। अपने प्रदर्शन के बारे में हरजाई ने कहा, “मुझे बेहद गर्व है कि मैं एपीजीसी जूनियर चैंपियनशिप में बालक टीम की जीत में योगदान दे सका। रॉयल कोलंबो गोल्फ क्लब वास्तव में एक कठिन परीक्षा थी और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच शांतचित्त रहकर खेलना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा। मैं भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने हमें हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया। मैं भविष्य में भी भारत का तिरंगा ऊंचा रखने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।”

एपीजीसी जूनियर चैंपियनशिप में बालक टीम की शानदार जीत पर भारतीय गोल्फ संघ के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल महासंघ देश के जमीनी स्तर तक गोल्फ को पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बृजिंदर सिंह ने कहा, “मैं हरजाई मिल्खा सिंह और कृष चावला की भारतीय टीम को एपीजीसी जूनियर चैंपियनशिप का बालक टीम खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई देता हूं। साथ ही व्यक्तिगत बालक वर्ग में उपविजेता रहने के लिए हरजाई को विशेष शुभकामनाएं देता हूं। उनकी उपलब्धि भारतीय गोल्फ के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। भारतीय गोल्फ संघ देश के कोने-कोने में गोल्फ को फैलाने और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय महासंघों के साथ साझेदारी मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उस सपने को साकार किया जा सके, जिसमें वे भारत को 2036 ओलंपिक खेलों में शीर्ष-10 देशों में देखना चाहते हैं।” इसी भावना को दोहराते हुए भारतीय गोल्फ संघ के कार्यवाहक महानिदेशक तुषार मल्होत्रा ने कहा, “एपीजीसी जूनियर चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर हरजाई और कृष की जोड़ी को हार्दिक बधाई। मैं भारतीय खेल प्राधिकरण (साई ) का विशेष रूप से धन्यवाद करना चाहता हूं, जिसने टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) और एएनएसएफ (एएनएसएफ ) योजनाओं के माध्यम से भारतीय गोल्फ संघ को निरंतर वित्तीय सहायता प्रदान की है। उनके सहयोग के बिना महासंघ के लिए इतने अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में टीमों को भेजना कठिन होता।”

Next Post

कृष्णा का पंजा, भारत ने अफगानिस्तान को 218 पर समेटा

Sat Jun 20 , 2026
चेन्नई, 20 जून (वार्ता) हशमतउल्लाह शाहिदी (102) के पहले शतक के बावजूद भारत ने प्रसिद्ध कृष्णा (23 रन पर पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान को तीसरे और आखिरी वनडे में शनिवार को 44.2 ओवर में 218 रन पर समेट दिया। अफगानिस्तान के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का […]

You May Like