सीहोर।देश के महापर्व दीवाली पर मां लक्ष्मी की अगवानी करने के लिए संपूर्ण शहर सज- संवर गया है. रविवार को भी बाजार में त्योहारी खरीदी की रौनक बनी रही. लोग अपने घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान खरीदने में व्यस्त रहे तो सोमवार को होने वाली मां लक्ष्मी की पूजन के लिए मिठाई, नारियल व अन्य पूजन सामग्री खरीदते रहे. आज घर- घर में मां लक्ष्मी की अगवानी की जाएगी.
दीवाली पर्व को लेकर एक दिन पहले रविवार को ही बाजारों में जमकर भीड़ रही. सुबह से ही लोग खरीददारी करने पहुंच गए थे. सबसे अधिक भीड़ कपड़ा दुकानों के अलावा मिठाई और पटाखा बाजार में देखी गई. इस बार पटाखे 20 से 25 फीसदी महंगे बताए जा रहे हैं, जबकि मिठाई के रेट में भी 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. खासकर जिन मिठाईयां पर चांदी का वर्क चढ़ा हुआ है वह 100 रुपए प्रति किलो से भी ज्यादा महंगी बिकी. इसके साथ ही दीपावली पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदी की संभावना जताई जा रही है. दीपावली के लिए जिले में करीब 700 से ज्यादा बाइक और 200 से ज्यादा कारों की बुकिंग बनी हुई है. यही नहीं 170 से ज्यादा ट्रैक्टर की डिलेवरी भी दीपावली पर ही होना है। व्यापारियों ने भी ग्राहकों की मांग के हिसाब से पहले ही स्टॉक मंगवा लिया है. सोना-चांदी के दाम में भारी बढ़ोत्तरी के बाद भी सराफा बाजार में सबसे ज्यादा भीड़़ रही. इस बार ग्राहकों ने लाइट वेटेड ज्वेलरी को ज्यादा पसंद किया है. सोमवार को भी बाजार में जमकर ग्राहकी होगी.
ज्योतिषाचार्य डॉ पंडित गणेश शर्मा ने बताया इस साल कार्तिक अमावस्या की तिथि 20 अक्तूबर दोपहर 3.44 मिनट से प्रारंभ होगी. इसका समापन 21 अक्तूबर को शाम 5.54 मिनट पर है. चूंकि दिवाली पर लक्ष्मी पूजन सूर्यास्त के बाद किया जाता है, इसलिए इस साल दिवाली 20 को मनाई जाएगी. शाम 7.08 से रात 8.18 मिनट तक पूजा का श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा. हालांकि रात 9.06 बजे तक भी पूजा कर सकते हैं.
चांदी महंगी हुई तो वर्क ने बढ़ाए मिठाई के दाम
भले ही पूरा देश जीएसटी कम होने का जश्न मना रहा हो, लेकिन दीपावाली पर सबसे ज्यादा बिकने वाली मिठाई इस बार महंगी है। पहले दूध के दाम बढऩे से मिठाई महंगी हो गई थी, वहीं अब चांदी के दाम आसमान पर पहुंचने के कारण चांदी का वर्क चढ़ी मिठाई करीब 100 रुपए प्रति किलो से भी ज्यादा महंगी हो गई हैं. मिठाई दुकान के संचालक किशोर कौशल ने बताया कि इस साल कई नई वैरायटी की मिठाई भी तैयार कराई गई है. इसी तरह दूध के भाव में भी बढ़ोत्तरी होने के कारण मिठाई के दामों में 40 रुपए तक की बढ़ोत्तरी हो गई है.
दुपहिया वाहनों की बनी रही आवाजाही
हर साल की तरह इस बार भी ट्रैफिक प्लान को देखते हुए हर चौराहों और तिराहों पर जहां से बाजार में इंट्री होती है वहां पर बैरिकेडिंग की गई थी. यहां पर पुलिस और ट्रैफिक के जवान तैनात थे. बाजार में अंदर आने के लिए बाइक और हाथ ठेलों को आने की इजाजत थी. इसके अलावा चार पहिया वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहे. भीड़ अधिक होने से कई बार इन सभी मार्गों पर जाम की स्थिति बनी. दुकानों के सामने वाहन खड़े होने के कारण भी लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
