भदोही, 09 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के भदोही शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह कार चलाना सीख रहे 15 वर्षीय किशोर से वाहन अनियंत्रित हो जाने के कारण उसने साइकिल चालक और मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा नेशनल रोड स्थित पावर हाउस के पास हुआ। कार स्टेशन रोड की ओर से आ रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और साइकिल तथा मोटरसाइकिल सवार उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार रोहित कुमार गौतम (निवासी हिम्मतपुर बकुचिया) के पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं, साइकिल सवार जेपी यादव (निवासी उधवामाफी) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके शरीर में पांच स्थानों पर हड्डियां टूटने की जानकारी सामने आई है।
दोनों घायलों को तत्काल जीवन ज्योति हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
