एन. फ्रैंकलिन जयकुमार एनसीएल के नए सीएमडी पद के लिए अनुशंसित

सिंगरौली:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशकह (तकनीकी – ऑपरेशन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को 08 जुलाई 2026 को लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) द्वारा नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष – सह – प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए अनुशंसित किया गया है। इस उपलब्धि पर एसईसीएल परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की है।
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार खनन क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ हैं और उन्हें कोयला एवं लिग्नाइट खनन में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से उन्होंने निदेशक (तकनीकी – ऑपरेशन) का दायित्व संभाला।
एसईसीएल से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलबीरा-II एवं III ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। इससे पूर्व उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड में लगभग 18 वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए भूमिगत एवं ओपनकास्ट खनन परियोजनाओं का संचालन किया। इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया में 5 एमटीपीए क्षमता वाली कोयला खदान का सफलतापूर्वक पांच वर्षों तक नेतृत्व कर अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी अर्जित किया।

जयकुमार ने अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से पर्यावरण इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है। वे डीजीएमएस द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी माइन मैनेजर प्रमाणपत्र धारक तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।

खनन संचालन के साथ-साथ उन्होंने खदान सुरक्षा, कौशल विकास और नीतिगत सुधारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर (SCMS) के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन ढांचे से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार के एनसीएल के सीएमडी पद के लिए चयन की अनुशंसा को कोयला उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में एनसीएल के उत्पादन, सुरक्षा और तकनीकी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Post

दक्षिणी ईरान में हुए अमेरिकी हमलों में आठ सैनिकों की मौत

Thu Jul 9 , 2026
तेहरान, 09 जुलाई (वार्ता) ईरान के दक्षिणी प्रांतों में सैन्य ठिकानों पर बुधवार तड़के हुए अमेरिकी हमलों में ईरानी सेना के आठ जवान मारे गये। सेना ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि दक्षिणी शहरों बंदर अब्बास और बुशहर के इलाकों में अमेरिकी सेना की “आपराधिक आक्रामकता” के […]

You May Like