
सिंगरौली। सीवर लाइन आये दिन धसक रही है। जगह-जगह खाईनुमा गड्ढे हो रहे हैं। इन नाकामियों को छुपाने के लिए सीवरेज ठेकेदार ने सीवर लाइन सड़क मार्ग में 40 एमएम गिट्टी डला दिया है, जहां दो पहिया एवं अन्य वाहन चालको के लिए मुसीबत बन गई है।
दरअसल सीवर लाइन एवं अमृत नल-जल पाइप लाइन के चलते नगर निगम की अधिकांश सड़के तहस-नहस हो चुकी हैं। जगह-जगह सीवर लाइन धसक रही है। सबसे ज्यादा सीवर लाइन धसने का मामला नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 42 कॉन्वेंट स्कूल एलआईजी मार्ग देवरा तिराहा, शांति ग्राम टाउनशीप एवं ठीक उसी के बगल में गनियारी-विश्वकर्मा मोहल्ला मार्ग की सीवर लाइन एक नही, कई जगह धसक गई। मामला सामने आने पर सीवरेज ठेकेदार ने लीपापोती कर दिया, लेकिन जैसे-जैसे बारिश हो रही है, सीवर लाइन धसक रही है।
शांति ग्राम टाउनशीप मार्ग एवं ठीक उसी के सामने सीवर लाइन धसक गई थी। कार, जीप एवं अन्य बड़े वाहनों को लेकर चलना जोखिम भरा साबिता हो रहा था। नवभारत ने मामले को उजागर किया, बताया जा रहा है कि सीवर लाइन ठेकेदार ने सड़क मार्ग में 40 एमएम गिट्टी डला दिया है और अब यह गिट्टी स्कूटी, मोटरसाइकिल एवं अन्य वाहन चालको के लिए मुसीबत बन गई है। आलम यह है कि स्कूटी मोटरसाइकिल चालक फिसल भी रहे हैं। पिछले दिनों दो स्कूटी सवार चालक फिसलकर गिर गये थे। हालांकि उन्हें चोटे नही आई, लेकिन 40 एमएम गिट्टी की वजह से वाहनों से चलना जोखिम भरा साबित हो रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि गिट्टी से सीवर लाइन का लीपापोती नही चलेगी। सीवर लाइन के ठेकेदार ने गुणवत्ता विहीन कार्य कराया है, जिसके चलते यह हालात बने हुये हैं। कई रहवासियों ने ठेकेदार के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग कलेक्टर एवं निगमायुक्त से की है।
