नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-7 पर अचानक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी अनियमितताओं और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चुनाव आयोग से जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के मद्देनजर कनॉट प्लेस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दिल्ली पुलिस ने श्री जाखड़ समेत सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। श्री जाखड़ ने कहा कि छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन रोकने के बजाय सरकार को सवालों का जवाब देना चाहिए। ‘वोट चोरी’ के खिलाफ उसका आंदोलन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

