जिला अस्पताल के मेन गेट पर लटका ताला एक गेट से हो रही आवाजाही

ग्वालियर:जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं को सुधारने के नाम पर मरीजों की परेशानी बढ़ाने वाला फैसला लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने मुख्य चैनल गेट पर ताला जड़ दिया है। अब ओपीडी और अस्पताल में आने-जाने के लिए सिर्फ कैजुअल्टी की तरफ वाला एक ही गेट खुला रखा गया है।
एक ही गेट से आने-जाने के कारण मरीजों और उनके अटेंडरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ बढ़ने पर अस्पताल के बाहर इंतजार करने की नौबत आ रही है। वहीं स्ट्रेचर पर लाए जा रहे गंभीर मरीजों को भी इस नई व्यवस्था से काफी दिक्कत हो रही है।
तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि मुख्य गेट पर ताला लगने के बाद मरीज और उनके परिजन गेट के बाहर बैठने को मजबूर हैं। कई मरीजों को तो यह पता ही नहीं चला कि रास्ता बंद कर दिया गया है। वे इस उम्मीद में वहीं बैठे रहे कि ताला खुलेगा तो अंदर जाएंगे। बाद में पता चला कि दूसरा रास्ता बंद है और कैजुअल्टी वाले रास्ते से जाना है।

अस्पताल प्रबंधन ने यह बताया कारण

इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. सीमा जायसवाल का कहना है कि जो व्यवस्था पहले थी, उसे ही फिर से लागू किया गया है। मेन गेट पर ताला लगवाकर दूसरे रास्ते से अस्पताल के अंदर आवाजाही प्रारंभ करवाई गई है।
उनका कहना है कि जिस गेट से अब अंदर जाने की व्यवस्था की गई है, उसके ठीक सामने हेल्प डेस्क बनाई गई है और वहां कर्मचारी तैनात किए गए हैं। अस्पताल में प्रवेश करते ही मरीज व उनके अटेंडरों को हेल्प डेस्क नजर आएगी जिससे वह पूछताछ कर सकेंगे। सिविल सर्जन ने कहा कि जो नई व्यवस्था बनाई गई है उसका फायदा मरीजों को ही मिलेगा, बस देखते जाइए।

Next Post

सरकारी भूमियों को बनाया जा रहा ग्रीन जोन, अवैध कब्जों पर लगेगी लगाम

Sun Aug 9 , 2026
जबलपुर: शहर की खाली पड़ी सरकारी भूमियों को चिन्हित कर उन्हें ग्रीन जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे अवैध कब्जों पर भी लगाम लगेगी। नागरिक इस जन-हितैषी और पर्यावरण-संरक्षक अभियान में बढ़-चढक़र हिस्सा लें। अपने आसपास रोपे गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेकर शहर को […]

You May Like