
जबलपुर। नवागत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की सादगी गुरूवार को शहर में चर्चा का विषय बनी रही। आगर मालवा के पूर्व कलेक्टर रहे राघवेंद्र सिंह ने गुरूवार को शहर पहुंचे, जिस दौरान उन्होंनेे सबसे पहले परंपरा और आस्था का परिचय देते हुए मां नर्मदा के पावन तट गौरीघाट पर जाकर पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा के समक्ष शीश झुकाकर जिले की समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। पूजन के दौरान मौजूद भक्तजनों से संवाद करते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जबलपुर मां नर्मदा की कृपा से ही संस्कारधानी कहलाता है और इस आशीर्वाद से ही जिला प्रगति करता रहेगा। जिसमें मैं अपना पूरा सहयोग प्रदान करूंगा।
पूजन अर्चन के बाद कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत तरीके से कार्यभार ग्रहण किया। बिना किसी विशेष प्रोटोकॉल के साधारण अंदाज़ में पहुंचने पर कलेक्ट्रेट में मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। विदित हो कि इसके पहले पूर्व कलेक्टर दीपक सक्सेना का तबादला मप्र शासन के द्वारा जारी आदेश के मुताबिक भोपाल में जनसंपर्क आयुक्त के रूप में हुआ था।
जनता से सीधे संवाद की रहेगी कोशिश: कलेक्टर राघवेंद्र सिंह
पत्रकारों से चर्चा के दौरान नवागत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं पारदर्शी प्रशासन, समयबद्ध जनसुनवाई, विकास कार्यों को गति देना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना होंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे और जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
