पुतिन सीमित हमले से नाटो की एकता की ले सकते हैं परीक्षा

वॉशिंगटन, 08 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने अनुमान लगाया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आने वाले वर्षों में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के किसी सदस्य देश पर सीमित हमला करके गठबंधन की राजनीतिक एकता और उसके सामूहिक रक्षा संकल्प की परीक्षा ले सकते हैं।

सीएनएन ने तीन लोगों का हवाला देते हुए बताया कि इन अनुमानों में रूस द्वारा तनाव बढ़ाने के कई संभावित तरीकों का जिक्र है। इनमें साइबर हमलों से लेकर सीमित सैन्य घुसपैठ तक शामिल है, जिसका मकसद नाटो की एकता और अनुच्छेद 5 के तहत सामूहिक रक्षा के वादे के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को परखना हो सकता है।

सूत्रों ने कहा कि इन स्थितियों में जरूरी नहीं कि हमला इतना बड़ा हो कि गठबंधन को तुरंत बड़े पैमाने पर सैन्य जवाबी कार्रवाई करनी पड़े। यह साफ नहीं है कि श्री पुतिन ऐसा कदम कब उठा सकते हैं। एक सूत्र ने कहा कि रूस बाल्टिक देशों या पोलैंड को निशाना बना सकता है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने सबसे पहले हालिया खुफिया अनुमानों के बारे में रिपोर्ट दी थी। सूत्रों ने बताया कि अमेरिका और नाटो अधिकारियों का मानना है कि अगर श्री पुतिन यूक्रेन युद्ध से सम्मानजनक तरीके से बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ पाते हैं, तो वे गठबंधन के खिलाफ तनाव बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले के लिए समय-सीमा अभी से लेकर अगले कई वर्षों तक हो सकती है।

नाटो के वरिष्ठ सैन्य प्रवक्ता मार्टिन ओ’डोनेल ने खुफिया अनुमानों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि गठबंधन कई संभावित स्थितियों के लिए तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा, “नाटो नजर रख रहा है और हम जरूरत पड़ने पर रोकने और बचाव करने के लिए तैयार हैं, जिसे हम लगातार दिखाते रहे हैं।”

गौरतलब है कि ये आकलन ऐसे समय में सामने आए हैं जब अमेरिकी अधिकारी ईरान के खिलाफ युद्ध के बाद अहम हथियारों के भंडार में कमी को लेकर चिंता का सामना कर रहे हैं, जबकि यूक्रेन पर रूस के लंबी दूरी के हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने की संख्या लगातार बढ़ रही है।

 

 

Next Post

अमेरिका हर महीने यूक्रेन को देगा एयर डिफेंस मिसाइलें : जेलेंस्की

Sat Aug 8 , 2026
बेलग्रेड, 08 अगस्त (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि उन्होंने अमेरिका के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत उसे हर महीने अमरीकी निर्मित एयर डिफेंस मिसाइलों की आपूर्ति मिलेगी। उन्होंने हालांकि यह भी माना कि यह आपूर्ति यूक्रेन की जरूरतों के हिसाब से अब […]

You May Like